देहरादून , मई 12 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (वरिष्ठ प्रभाग) सीमा डूंगरकोटी ने मंगलवार को बताया कि उच्चतम न्यायालय में 21, 22 एवं 23 अगस्त को "समाधान समारोह" के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

श्रीमती डूंगरकोटी ने बताया कि इस विशेष लोक अदालत में उच्चतम न्यायालय में लंबित विभिन्न प्रकार के वादों का आपसी सुलह एवं राजीनामे के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। इनमें फौजदारी मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, चेक बाउंस मामले, बैंक ऋण एवं वसूली संबंधी मामले, दीवानी एवं वैवाहिक वाद, बीमा दावे, सरकारी एवं सार्वजनिक उपक्रमों से संबंधित प्रकरण, शैक्षणिक एवं सेवा संबंधी मामले सहित अन्य प्रकृति के वाद शामिल हैं।

प्राधिकरण सचिव ने बताया कि जिन वादकारियों के मामले शीर्ष न्यायालय में लंबित हैं तथा जो अपने मामलों का शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान चाहते हैं, वे 20 अगस्त तक अपने मामलों को आवश्यक रूप से उच्चतम न्यायालय में सूचीबद्ध करा लें। उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत देहरादून जिले से संबंधित शीर्ष न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों को नोटिस भेजकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में प्री-मीटिंग एवं सुलह वार्ता हेतु आमंत्रित किया जा रहा है। वार्ता सफल होने पर संबंधित मामलों को विशेष लोक अदालत में निस्तारित कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही प्राधिकरण के सहयोग से की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित