सिरसा , जुलाई 18 -- हरियाणा के सिरसा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को जिला न्यायालय सिरसा तथा उपमंडल न्यायालय ऐलनाबाद और डबवाली में चेक बाउंस (धारा 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम) मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया।

लोक अदालत में कुल 90 मामलों को सुनवाई के लिए रखा गया, जिनमें से 71 मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संतोष बागोतिया ने बताया कि जिला न्यायालय सिरसा में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नवजीत क्लेर और न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी रिचु, डबवाली में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुमन तथा ऐलनाबाद में सब डिवीजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट आशीष आयज़ की अदालतों में मामलों की सुनवाई हुई।

उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत के दौरान कुल दो करोड़ 94 लाख 31 हजार 457 रुपये की राशि से जुड़े मामलों का समझौते के माध्यम से निस्तारण किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि लोक अदालतों के माध्यम से पक्षकारों को कम समय और कम खर्च में न्याय मिलने के साथ-साथ अदालतों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित