जयपुर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ विशेष योग्यजनों के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है और हमारा संकल्प ऐसा राजस्थान बनाने का है जहां हर विशेष योग्यजन को सम्मान, स्वावलंबन और समान अवसर मिलें।
श्री शर्मा शनिवार को 'सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं' कार्यक्रम के तहत विशेष योग्यजन युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हौसले की उड़ान कभी शारीरिक सीमाओं की मोहताज नहीं होती। मन में दृढ़ संकल्प, हृदय में कुछ कर गुजरने का जज्बा और प्रयासों में निरंतरता हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और यही युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी पूंजी है। हमारे युवाओं के पास ऊर्जा है, नए विचार हैं, कुछ नया करने का जुनून है और असंभव को संभव बनाने का साहस है। उन्होंने आह्वान किया कि वे सभी अपने बुलंद हौसलों के साथ आगे बढ़ें। राज्य सरकार उनके सपनों को साकार करने के लिए सारथी बनकर उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार ने भी विशेष योग्यजनों के लिए समान अवसर नीति, 2025 लागू की है और दो लाख 71 हजार यूडीआईडी कार्ड जारी करने के साथ ही अनुजा निगम द्वारा विशेष योग्यजन सहित विभिन्न श्रेणी के सात हजार व्यक्तियों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि विशेष योग्यजन के लिए संचालित आवासीय संस्थानों में देय मैस भत्ते की राशि को बढ़ाकर 3250 रुपये प्रतिमाह किया है। साथ ही, उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए साढ़े पाच लाख लोगों को 1350 रुपये मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध करवायी जा रही है। विशेष योग्यजनों को गत वर्ष 2500 स्कूटी तथा गत दो वर्षों में 44 हजार अंग उपकरण वितरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे से बचाने के लिए 305 महाविद्यालयों में नई किरण नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रदेश के युवा को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप के अनुकूल वातावरण तैयार किया है। प्रदेश में पांच हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हुए हैं तथा 65 आई-स्टार्ट लॉन्चपैड नेस्ट स्थापित किए गए हैं। ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन (विशेष योग्यजन) के साढ़े पांच लाख से अधिक लाभार्थियों को 75 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की एवं विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने खेल जगत में प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले विशेष योग्यजन खिलाड़ी मोना अग्रवाल, सृष्टि अरोड़ा एवं कृष्णा नागर तथा विशेष योग्यजनों के सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पदम भूषण डी.आर. मेहता का सम्मान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वन विभाग में नियुक्त पैरा खिलाड़ियों के स्थायीकरण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही के लिए आश्वस्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित