रायपुर , जून 10 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर देते हुए संबंधित समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं।

राज्यपाल श्री डेका से बुधवार को लोक भवन में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विशेष पिछड़ी जनजाति बहुल क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति तथा वहां उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में राज्यपाल ने कहा कि दूरस्थ एवं पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के बच्चों की शिक्षा, छात्रावास सुविधाओं, विद्यालयीन अधोसंरचना तथा शिक्षकों की उपलब्धता से जुड़े मुद्दों का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिल सकें और उनके सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित