पटना , जून 16 -- विभिन्न सरकारी विभागों की ठेकेदारी में भ्रष्टाचार के मामले में अभियुक्त बनाए गए जेल में बंद रिशु श्री उर्फ रिशु रंजन सिंहा को पटना की एक विशेष अदालत ने मंगलवार को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर विशेष निगरानी इकाई को हिरासती पूछताछ के लिए सौंपे जाने का आदेश दिया है।

निगरानी के विशेष न्यायाधीश अतुल कुमार सिंह की अदालत में एक आवेदन दाखिल कर विशेष निगरानी इकाई की पुलिस ने रिशु श्री को सात दिनों के पुलिस रिमांड पर सौंपे जाने का अनुरोध किया था। आवेदन पर सुनवाई के बाद अदालत ने विशेष निगरानी इकाई की प्रार्थना आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए रिशु श्री को पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर हिरासती पूछताछ के लिए विशेष निगरानी इकाई को सौंपें जाने का आदेश कारा अधीक्षक को दिया है। पुलिस रिमांड की अवधि 16 जून 2026 के 11:00 बजे दिन से 20 जून 2026 के 11:00 बजे दिन तक होगी।

गौरतलब है की विशेष निगरानी इकाई ने विभिन्न सरकारी विभागों में ठेकेदारी के लिए भ्रष्टाचार करने के आरोपों का एक मुकदमा दर्ज करने के बाद 27 मई को रिशुश्री को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित