धार , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में परिवहन विभाग के विशेष जांच अभियान के दौरान 15 स्कूल वाहन विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित पाए गए। इनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल दो लाख 78 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हृदेश यादव के नेतृत्व में परिवहन उप निरीक्षक दिव्या पाटीदार, सहायक ग्रेड-2 मधुकर सिसोदिया तथा उनकी टीम ने बाग और कुक्षी क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कुल 53 स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई, जिनमें से 15 वाहन विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। इनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री यादव ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार के विशेष जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जा रहे हैं। उन्होंने वाहन संचालकों और शिक्षण संस्थानों से सभी सुरक्षा मानकों तथा परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित