रायपुर , नवंबर 10 -- भारतीय रेलवे ने स्वच्छता, संसाधन प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों में सुधार के उद्देश्य से संचालित विशेष अभियान-6 के तहत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। देशभर में 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए इस अभियान में एक लाख से अधिक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री के निपटान से रेलवे ने 628.49 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो निर्धारित 600 करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक है।

रेलवे से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, विशेष अभियान-6 का संचालन सभी जोनल रेलवे, मंडलों, उत्पादन इकाइयों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों तथा अन्य रेलवे प्रतिष्ठानों में किया गया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, कार्यशालाओं और अन्य परिसरों में साफ-सफाई के साथ ही कबाड़ निपटान, ई-कचरा प्रबंधन, अभिलेखों की समीक्षा तथा लंबित प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता दी गई।

अभियान के अंतर्गत रेलवे परिसरों से अनुपयोगी सामग्री और कबाड़ हटाकर 6,20,121 वर्ग फुट स्थान खाली कराया गया। इससे रेलवे की उपलब्ध जगह का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई।

इस बार अभियान में इलेक्ट्रॉनिक कचरे के संग्रह, पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निपटान पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इस प्रक्रिया के तहत 1.50 लाख से अधिक ई-कचरा इकाइयों का निपटान किया गया, जिससे रेलवे को 10.43 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई।

इसके अतिरिक्त, रेलवे ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए पुरानी भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक फाइलों की समीक्षा की। जन शिकायतों, अपीलों, संसदीय आश्वासनों, वीआईपी संदर्भों तथा अन्य लंबित मामलों के निपटारे के लिए भी विशेष प्रयास किए गए। इन गतिविधियों का प्रमुख उद्देश्य अभिलेख प्रबंधन में सुधार, अनावश्यक लंबित मामलों में कमी और कार्यालयीन दक्षता को बढ़ाना रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित