नयी दिल्ली , अक्टूबर 25 -- नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने विशेष अभियान 6 के तहत निर्धारित लक्ष्यों की दिशा में लगभग 60 से 70 प्रतिशत प्रगति हासिल की है।

यहां जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक मंत्रालय का उद्देश्य सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ लंबित मामलों का निपटारा और संसाधनों का बेहतर उपयोग करना है।

मंत्रालय तथा उससे संबद्ध संस्थानों में कार्यालयों, गलियारों और कैंटीन की सफाई, पुराने दस्तावेजों, अनुपयोगी सामग्री हटाने और ई-कचरे के नियमानुसार निस्तारण जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस अभियान में मंत्रालय के साथ दो केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (इरेडा) और सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड तथा तीन स्वायत्त संस्थानों की भागीदारी है। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग की ओर से शुरू किए गए इस अभियान का क्रियान्वयन चरण 2 अक्टूबर 2026 को शुरू हुआ था, जो 31 अक्टूबर तक चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित