पौड़ी , अगस्त 01 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सेवा, सुशासन और समर्पण के संकल्प के तहत जिला चिकित्सालय पौड़ी में आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन शनिवार को 451 मरीजों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया।

शिविर में हड्डी रोग, नेत्र रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), फिजिशियन एवं महिला रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच कर उपचार उपलब्ध कराया। इसके साथ ही आधुनिक स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का भी लाभ मरीजों को दिया गया।

शिविर के दौरान 42 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग के तहत उच्च रक्तचाप, मधुमेह और ओरल कैंसर की जांच की गई। वहीं 26 मरीजों की टीबी जांच, 85 प्रयोगशाला जांच, 73 एक्स-रे, 17 नेत्र संबंधी जांच तथा चार गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच भी की गई।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, टीबी एवं एनसीडी स्क्रीनिंग, एएनसी जांच तथा आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. मयंक चौहान, डॉ. रूपा, डॉ. गौरव शर्मा, एएनएम नीलम नेगी, नीति डोभाल, विवेक घिल्डियाल, रजनी जैन सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित