भुवनेश्वर , फरवरी 04 -- यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठाये गये कदम के तहत विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन पर उन्नत कृत्रिम बुद्धिमता का इस्तेमाल करके समय रहते दो बड़े आदतन अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया हैपूर्वी तट रेलवे (ईसीआर) के सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ये गिरफ्तारियां रेल रोबोकॉप एएससी अर्जुन के एआई-इनेबल्ड चेहरे की पहचान प्रणाली (एफआरएस) की मदद से की गयी, जो रेलवे सुरक्षा अभियान में एक बड़ी कामयाबी है। सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात करीब 20:10 बजे स्टेशन की निगरानी और पेट्रोलिंग के लिए तैनात रेल रोबोकॉप 'एएससी अर्जुन' ने एक संदिग्ध की पहचान की। सिस्टम ने तुरंत विशाखापत्तनम में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष को अलर्ट भेजा। अलर्ट मिलने पर, ड्यूटी पर मौजूद हेड कांस्टेबल बी.एस. नारायण ने लाइव फीड पर बारीकी से नज़र रखी और तुरंत स्टेशन पर मौजूद उप निरीक्षक वी. कीर्ति रेड्डी और वाल्टेयर डिवीजन के अपराध निवारण निरोधक दस्ता (सीपीडीएस ) को सूचित किया।

त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने समन्वयित अभियान में आदतन अपराधी हडपा शिवा (39) और उसके साथी जी. भंगारू को पकड़ लिया। दोनों के पास वैलिड यात्रा टिकट नहीं थे और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ चौकी ले जाया गया। बाद में सत्यापन से पता चला कि दोनों हार्डकोर आदतन अपराधी हैं और रायगड़ा थाना में उनके खिलाफ आपराधिक मामलों का लंबा इतिहास है, जिसमें चोरी, डकैती, लूट, हमला और हथियारों से जुड़े गंभीर अपराध शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित