नयी दिल्ली , नवंबर 7 -- केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने विशाखापत्तनम स्थित विदेश से आने-जाने वाले पौधों की जांच करने वाले प्लांट संगरोध स्टेशन (पीक्यूएस) के सहायक निदेशक और एक निजी व्यक्ति को एक लाख रुपये की रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने गत शुक्रवार को स्टेशन के सहायक निदेशक समेत दो अधिकारियों, तीन निजी व्यक्तियों तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ घूस मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि सहायक निदेशक ने एक निजी फर्म के कंटेनरों की क्लीयरेंस के एवज में रिश्वत मांगी।
सीबीआई ने 6 नवंबर को जाल बिछाकर आरोपी सहायक निदेशक को निजी व्यक्ति से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया और यह राशि उसके कब्जे से बरामद कर ली। इसके बाद सहायक निदेशक और निजी व्यक्ति दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के तहत आरोपियों के विशाखापटनम, फरीदाबाद और कर्नाटक के कोलार जिले के थिमानापल्ली गांव स्थित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। गिरफ्तार आरोपियों को 7 नवंबर को विशाखापत्तनम की सक्षम अदालत में पेश किया गया। सीबीआई ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित