प्रयागराज, जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार दोपहर एक 26 साल की विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो उसका शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की पहचान अर्चना देवी पटेल (26) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से दिल्ली की एक चिटफंड कंपनी में नौकरी कर रही थी और तीन दिन पहले ही अपने गांव लौटी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना मऊआइमा थाना क्षेत्र के सकरा मऊ गांव की है।सकरा मऊ गांव निवासी अर्चना देवी की शादी वर्ष 2023 में छाता गांव निवासी महेश पटेल से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के करीब छह महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहने लगा। इसके बाद अर्चना ससुराल छोड़कर मायके में रहने लगी थी।परिजनों ने बताया कि अर्चना पिछले करीब दो वर्षों से दिल्ली स्थित एक चिटफंड कंपनी में नौकरी कर रही थी। वह तीन दिन पहले ही दिल्ली से गांव आई थी। रविवार को उसने घर के कमरे में छत के पंखे से फांसी लगा ली।जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर अर्चना का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका के पिता अमलेश पटेल मुंबई में ड्राइवर का काम करते हैं। परिवार में दो भाई अमन और पावन तथा एक छोटी बहन है। घटना के समय घर के अन्य सदस्य धान की नर्सरी की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे।सूचना मिलने पर मऊआइमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक राम मूर्ति यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित