फतेहपुर , मई 8 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के असोथर क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक ने शादीशुदा प्रेमिका की गला घोंट कर हत्या कर दी और थाने जाकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र के कैथनपुरवा निवासी रामकरन रैदास की पुत्री ललिता की शादी वर्ष 2018 में थरियांव थाने के नयापुरवा गांव में हुई थी। ढाई साल से महिला अपने पति को छोड़कर मायके में आकर रह रही थी जहां से स्वजातीय रजपाल उर्फ विजय रैदास ने प्रेम प्रसंग के चलते अगवा कर ललौली थाने के बहुआ स्थित अपने घर ले आया था। उसके बाद दोनों में नहीं बनी तो वह ललिता को उसके मायके में छोड़ दिया।

आरोपी छह मई को फिर उसे लेकर पैतृक गांव बहादुरपुर आ गया। बताते हैं कि आपसी कहासुनी को लेकर शुक्रवार को रजपाल ने ललिता की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और सीधे गाजीपुर थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी । जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शव को कब्जे में ले लिया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मृतक की मां सुशीला देवी की तहरीर पर हत्यारोपित रजपाल उर्फ विजय कुमार रैदास के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित