सीतापुर , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शास्त्री नगर स्थित त्रिवेदी कॉलोनी में मंगलवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में फांसी के फंदे से लटका मिला।
पुलिस उपाधीक्षक (नगर) विनायक भोसले ने बताया कि सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका रागिनी मिश्रा (36) का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोप लगाया कि रागिनी को मारकर फंदे पर लटकाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की गहन छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित