रायगढ़ , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जूटमिल थाना क्षेत्र के राजीव गांधी नगर में विवाद शांत कराने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद विजय चौहान पर कथित रूप से धारदार वस्तु से हमला कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान 12 सितंबर की रात करीब पौने दस बजे जूटमिल पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर बाइक से लौट रहे थे। पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच विवाद और मारपीट होते देख वह उन्हें समझाने के लिए मौके पर पहुंचे।

आरोप है कि वहां कमल सारथी कुछ लोगों के साथ मारपीट कर रहा था। पार्षद ने उसे विवाद नहीं करने की समझाइश दी तो वह उनसे गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर हाथ में रखी लोहे की धारदार वस्तु से श्री चौहान के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की शिकायत पार्षद के पिता ने जूटमिल थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस टीम ने देर रात आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। उसकी तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित