रायपुर , नवंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पुत्र एवं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर आज साझा किए गए एक व्यंग्यात्मक वीडियो पर विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो की आलोचना और सोशल मीडिया पर उठे सवालों के बाद अमित जोगी ने संबंधित पोस्ट हटा दी और लोगों की भावनाएं आहत होने पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

जानकारी के अनुसार, अमित जोगी ने कथित वोट चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाते हुए एक वीडियो साझा किया था। वीडियो में दोनों के मुखौटे पहने दो व्यक्तियों को दिखाया गया था। इसमें प्रतीकात्मक रूप से दोनों की शादी कराई गई थी और इसके बाद हनीमून से संबंधित दृश्य प्रस्तुत किए गए थे।

वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इसकी विषयवस्तु और प्रस्तुति को लेकर आलोचनाएं शुरू हो गईं। कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने राजनीतिक विरोध व्यक्त करने के इस तरीके पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से वीडियो हटा दिया और एक विस्तृत बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित