नयी दिल्ली , अक्टूबर 12 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल गठबंधन के नेताओं और अन्य लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण था और सरकार को दिखाना जरूरी था कि देश की जनता डरने वाली नहीं है।

श्री गांधी ने सोशल मीडिया ''एक्स'' पर लिखा कि वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होने वाले हर व्यक्ति और दोपहर तीन बजे अपने-अपने तरीके से आंदोलन का समर्थन करने वाले करोड़ों लोगों के आभारी हैं। उन्होंने इंडिया गठबंधन के नेताओं, कांग्रेस और गठबंधन के कार्यकर्ताओं तथा नागरिक समाज संगठनों को भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, "आप हमें मारिए, धमकाइए, डराने की कोशिश कीजिए लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम आपकी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"श्री गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि दो दिन पहले युवा साथियों की पिटाई करने वाले लोग आज कहां थे। उन्होंने कहा कि जब वह और देश की जनता सामने खड़े हैं, तो वे लोग बाहर आकर मुकाबला क्यों नहीं करते।

उन्होंने कहा कि सभी ने एक टीम की तरह काम किया है और यह अलग-अलग प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक ही आंदोलन है, जिसमें सभी लोग एक साथ खड़े हैं। श्री गांधी ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी और वे एक कदम भी पीछे नहीं हटेंगे।

उन्होंने भारत के विचार, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें प्रदर्शन में शामिल हर व्यक्ति पर गर्व है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित