नयी दिल्ली , जनवरी 28 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान हादसे में मृत्यु पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
श्रीमती मुर्मु ने कहा कि श्री पवार का असामयिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने शोक संदेश में लिखा, " उन्हें महाराष्ट्र के विकास में, विशेषकर सहकारी क्षेत्र में, विशेष योगदान के लिए सदैव याद रखा जाएगा। मैं उनके परिवार, समर्थकों एवं प्रशंसकों के प्रति गहरी शोक-संवेदना व्यक्त करती हूं। ईश्वर इस दुर्घटना में मारे गये अन्य सभी लोगों के परिवारों को भी इस आघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री पवार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह बारामती में हुई इस दुखद हवाई दुर्घटना से अत्यंत दुखी हैं। उनकी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है। श्री मोदी ने श्री पवार को याद करते हुए कहा कि वह (अजीत पवार) जनता के नेता थे जिनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। वह महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में अग्रणी रहने वाले एक मेहनती व्यक्तित्व के रूप में व्यापक रूप से सम्मानित थे। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ और गरीबों तथा वंचितों को सशक्त बनाने का उनका जुनून उल्लेखनीय था। उन्होंने उनके परिवार और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, "ओम शांति।"लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने श्री पवार के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि सहकारिता से जनकल्याण और राज्य के विकास के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ''ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों और समर्थकों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें।''केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष अजित पवार के एक विमान हादसे में निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। श्री शाह ने इसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) परिवार के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया है।
श्री शाह ने सोशल मीडिया पर जारी अपने शोक संदेश में लिखा, " अजीत पवार जी ने बीते साढ़े तीन दशकों में जिस प्रकार महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। वह जब भी मिलते थे, महाराष्ट्र की जनता के कल्याण संबंधी अनेक विषयों पर लंबी चर्चा करते थे। उनका निधन राजग परिवार के साथ ही मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।"कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने श्री पवार की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि इस कठिन समय में शोकसंतप्त परिवार जिस पीड़ा से गुजर रहा है उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने पवार परिवार के साथ-साथ उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति भी अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता की सेवा करते हुए विभिन्न संवैधानिक पदों पर कार्य करने वाले अजित पवार को एक कुशल राजनेता के रूप में सदैव याद किया जाएगा जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया।
लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 'एक्स' पर श्री पवार की दुखद मृत्यु पर शोक करते हुए लिखा कि श्री अजित पवार जी और उनके सहयात्रियों की आज हवाई जहाज दुर्घटना में निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने कहा, "इस शोक के पल में महाराष्ट्र की जनता के साथ हूं। समस्त पवार परिवार और प्रियजनों को इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।"महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने सहयोगी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राज्य के लिए एक अभूतपूर्व क्षति बताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि इससे पूरे राज्य में शोक का वातावरण है। उन्होंने कहा कि उनके जैसा नेता खोना महाराष्ट्र के लिए एक बड़ी क्षति है।
श्री फडणवीस श्री पवार को याद करते हुए कहा कि व्यक्तिगत जीवन में वह एक अच्छे मित्र थे और दोनों ने मिलकर कई चुनौतियों का सामना किया था। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब श्री पवार महाराष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे थे, उनका असमय चले जाना बहुत बड़ी हानि है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने कैबिनेट सहयोगी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक 'बेबाक और निडर नेता' बताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पर उनकी मजबूत पकड़ और प्रतिबद्धता अद्वितीय थी। वह निर्णय लेने की प्रक्रिया के हर पहलू का गहराई से अध्ययन करने के शौकीन थे।
शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने श्री पवार की असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बुधवार के दिन को राज्य के सामाजिक और राजनीतिक जीवन के लिए 'काला दिन' करार दिया है। उन्होंने कहा कि अजीत पवार के बिना महाराष्ट्र की राजनीति फीकी और रंगहीन हो जाएगी।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने श्री पवार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस खबर से 'स्तब्ध और हतप्रभ' हैं। उन्होंने लिखा कि वह इस क्षति से गहरा दुख महसूस कर रही हैं। उनकी संवेदनाएं पवार परिवार, उनके चाचा एवं दिग्गज राजनेता शरद पवार के साथ-साथ उनके दोस्तों और अनुयायियों के साथ हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित