बारां , मई 27 -- राजस्थान में बारां जिले में व्याप्त पेयजल संकट, बाधित बिजली आपूर्ति, बदहाल चिकित्सा व्यवस्थाओं, जर्जर सड़कों एवं किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस तीन जून को जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी।

बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक में विधायक प्रमोद भाया ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद जिले में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई स्थानों पर हैंडपंप खराब पड़े हैं, पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हैं और कई क्षेत्रों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है।जलदाय विभाग एवं जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

पीसीसी सचिव धर्मराज मेहरा ने कहा कि जिले में लगातार बिजली कटौती से आमजन और किसानों को परेशानी हो रही है। वहीं अस्पतालों की चिकित्सा व्यवस्थाएं भी बदहाल हैं। मरीजों को कई जांचें निजी लैब में महंगे दामों पर करवानी पड़ रही हैं।

बैठक में जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया ने कहा कि जिले की अधिकतर सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और पूर्व में स्वीकृत कई सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं किए गए हैं।

पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल ने किसानों के लिए समय पर डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कई किसानों को अब तक बीमा एवं मुआवजा राशि का भुगतान नहीं मिला है। पूर्व विधायक निर्मला सहरिया ने राज्य सरकार पर आमजन और किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि तीन जून को सदर थाने के पास कांग्रेस कार्यकर्ता धरना देंगे। इसके बाद विधायक भाया के नेतृत्व में पैदल मार्च निकालकर जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित