पटना , जुलाई 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों में घुटन महसूस कर रहे अच्छे और समर्पित कार्यकर्ता लगातार भाजपा की विचारधारा से प्रभावित हो कर पार्टी से जुड़ रहे हैं।
श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की लोकप्रियता के कारण अन्य दलों के प्रबुद्ध नेता और कार्यकर्ता लगातार भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े कई प्रमुख नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। श्री सरावगी ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में सीतामढ़ी के पूर्व सांसद डॉ. अर्जुन राय, कांग्रेस के सुरसंड विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी एवं सीतामढ़ी के पूर्व लोक अभियोजक विमल शुक्ला, औराई प्रमुख साकेत सुमन, रूनी सैदपुर से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी मोनी गुप्ता, गया के वार्ड पार्षद मनोज कुमार गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता आशीष गिरी, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता विकास एन. भारती अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित