पटना , मई 16 -- खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिये कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
मंत्री श्री कुमार की अध्यक्षता में आज सभी जिलों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग के निदेशक मनेश कुमार मीणा सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बिहार खनिज नियमावली, 2019 (यथा संशोधित 2026) के महत्वपूर्ण प्रावधानों, राजस्व समाहरण, बालूघाटों की समीक्षा, पत्थर भूखंडों की नीलामी, अवैध खनन/परिवहन/भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई, जप्त बालू एवं वाहनों की नीलामी सहित विभिन्न विभागीय विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मंत्री श्री कुमार ने समीक्षा के दौरान मासिक राजस्व लक्ष्य में पिछड़े जिलों को विशेष रूप से मेहनत करने एवं राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि राजस्व की दृष्टि से यह विभाग अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी जिलों को लंबित मामलों के निष्पादन के लिये गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित