नयी दिल्ली , जून 01 -- पिगमेंट और डाई बनाने वाली प्रमुख रसायन कंपनी विपुल ऑर्गेनिक्स को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में समेकित आधार पर 1.97 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ जो एक साल पहले की तुलना में 152 प्रतिशत की जबरदस्त उछाल दिखाता है।

कंपनी ने सोमवार को जारी मीडिया रिलीज में बताया कि तिमाही के दौरान उसका समेकित राजस्व सालाना 19.67 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 52.62 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का समेकित राजस्व 7.74 प्रतिशत बढ़कर 175.39 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 55.99 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 6.90 करोड़ रुपये रहा।

परिणामों पर टिप्पणी करते हुए विपुल ऑर्गेनिक्स के प्रबंध निदेशक विपुल पी. शाह ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 कंपनी के लिए एक ऐतिहासिक रहा है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से उत्पन्न चुनौतियों के बावजूद, जिसने वैश्विक जहाजरानी मार्गों को प्रभावित किया और कुछ निर्यात खेपों में देरी का कारण बना, कंपनी ने अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। एकल आधार पर शुद्ध लाभ 55 प्रतिशत से अधिक और कर पूर्व लाभ 50 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि घरेलू परिचालन मजबूत बना रहा और लागत कम करने की पहलों के सकारात्मक परिणाम आये हैं।

गुजरात के सायखा में स्थित हरित संयंत्र की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने उम्मीद जतायी कि आने वाले साल में यह उत्पादन क्षमता बढ़ाने तथा राजस्व स्रोतों में विविधता लाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित