हरदोई , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने मंगलवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इस समय केवल "मुंगेरीलाल के हसीन सपने" देख रही हैं। उन्होंने दावा किया कि न राहुल गांधी के सिर पर कभी जीत का सेहरा बंधेगा और न ही उत्तर प्रदेश में विपक्ष सत्ता हासिल कर पाएगा।

जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में नितिन अग्रवाल ने कहा कि एक कहावत है- "न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी", जो विपक्षी नेताओं पर पूरी तरह फिट बैठती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के सत्ता में आने के सपने कभी पूरे नहीं होंगे।

एनकाउंटर नीति को लेकर समाजवादी पार्टी द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि जब माफियाओं, गुंडों, शराब माफियाओं और भू-माफियाओं पर कार्रवाई होती है तो समाजवादी पार्टी को तकलीफ होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि "ये लातों के भूत हैं, बातों से मानने वाले नहीं हैं। सरकार माफियाओं के खिलाफ जितनी कड़ी कार्रवाई कर सकती है, उतनी कड़ी कार्रवाई आगे भी करती रहेगी।"अखिलेश यादव के खिलाफ विभिन्न जिलों में लगाए गए कथित महिला विरोधी पोस्टरों के सवाल पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का सबसे ज्यादा विरोध कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके और राजद जैसी विपक्षी पार्टियों ने किया था।

उन्होंने कहा कि वर्षों से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की जा रही थी, लेकिन विपक्षी दलों के विरोध के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका। उन्होंने दावा किया कि अब महिलाओं का आक्रोश विपक्षी दलों को झेलना पड़ेगा और आने वाले समय में देशभर की महिलाएं इन दलों को जवाब देंगी।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर 5 जून से विभिन्न सेवा कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ये कार्यक्रम 20 जून तक लगातार आयोजित होंगे, जिनमें पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित