जयपुर , अगस्त 18 -- राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि सदन में नियमों के अनुरूप विपक्ष को जनहित के मुद्दे उठाये जाने और राज्य सरकार को उनके समाधान का पूरा प्रयास करना चाहिए।

श्री देवनानी ने 20 अगस्त से शुरू होने वाले सोलहवीं विधानसभा के छठे सत्र के पहले मंगलवार को विधानसभा भवन में उनकी अध्यक्षता में आयोजित सर्वदलीय बैठक में बोल रहे थे। बैठक में सकारात्मक रूख के साथ सदन शांतिपूर्वक चलाने, सदन एवं आसन की गरिमा को बनाये रखने और सम्मानजनक एवं गरिमा बनाये रखने वाले शब्दों का उपयोग किये जाने पर सभी दलों द्वारा सहमति व्यक्त की गयी।

पक्ष और विपक्ष दोनों ने अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सदस्य सदन में मर्यादापूर्ण व्यवहार से अपनी बात रखेंगे। जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करेंगे। श्री देवनानी ने भी आश्वस्त किया कि चर्चा में बोलने का सभी को पर्याप्त समय दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि सदन में नियमों के अनुरूप विपक्ष जनहित के मुद्दे उठाये और राज्य सरकार उनका समाधान करने का पूरा प्रयास करें। उल्लेखनीय है कि सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के षष्ठम सत्र की बैठकें गुरुवार से प्रारम्भ होगी।

श्री देवनानी ने कहा कि सदन में सार्थक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन और आसन की गरिमा सभी सदस्य बनाये रखे। सभी दलों के सदस्य सकारात्मक सोच के साथ सदन में भागीदारी निभायें। सदन चलाना सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। उन्होंने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने का पावन स्थल है। यहां सदस्यों की चर्चा को गम्भीरता से लिया जाता है।

बैठक में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सदन में रखी गयी बातों को सरकार गंभीरता से ले। सदन चलाने की जिम्मेदारी पक्ष के साथ प्रतिपक्ष की भी है।

संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राजस्थान विधानसभा में सर्वदलीय बैठक का आयोजन श्री देवनानी की महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में सदन संचालन में सर्वदलीय बैठक के सकारात्मक परिणामों की सराहना की गयी।

बैठक में पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने श्री देवनानी द्वारा आरम्भ की गयी सर्वदलीय बैठक परम्परा का स्वागत किया। सभी दलों के सदस्यों ने श्री देवनानी की पहल से आयोजित राजस्थान विधानसभा के 75वें वर्ष पर हुए पूर्व एवं वर्तमान विधायकों के समागम कार्यक्रम को बेहतरीन बताया।

पक्ष और विपक्ष ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए श्री देवनानी का धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रारम्भ में श्री देवनानी ने बैठक में सभी सदस्यों का अभिवादन किया।

बैठक में सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, विपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान, भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के थावरचन्द, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के मनोज कुमार, राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के डॉ. सुभाष गर्ग और विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा बैठक में मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित