भराड़ीसैंण (गैरसैंण) , मार्च 09 -- उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में सोमवार से बजट सत्र शुरू हुआ। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधान भवन परिसर में प्रदर्शन किया। बजट की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर कांग्रेस विधायक परिसर में धरने पर बैठ गए।

इसके बाद सत्र शुरू होते ही विपक्षी नेता नारेबाजी करते हुए सदन के बीचोंबीच पहुंचे। शोरगुल के बीच ही राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का संबोधन जैसे ही शुरू हुआ। कांग्रेस विधायकों ने वहां हंगामा शुरू कर दिया। कांग्रेस विधायक सदन से बाहर चले गये।

इससे पहले विपक्षी विधायकों ने सदन के बाहर सत्र की अवधि बढ़ाने तथा कई अन्य मांगों के समर्थन में धरना दिया। वे अपने हाथों में मांग संबंधित पट्टिकाएं थामे हुए थे। कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी ने राज्य के पर्वतीय इलाकों में अनुसूची पांच लागू करने, जिसमें उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों जहां विभिन्न जाति धर्म देवी देवता वेशभूषा के लोग रहते हैं, को विशेष जनजाति क्षेत्र घोषित करने, साथ ही डोबरा चाटी मोटर मार्ग के दुर्दशा को लेकर धरना दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित