पटना , अगस्त 13 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद विनोद तावड़े ने संसद के हालिया सत्र को लेकर विपक्ष पर जोरदार हमला बोला और कहा कि यह दुर्भाग्य का विषय है कि संसद में विपक्ष के हंगामे और व्यवधान के कारण सदन में केवल 39 प्रतिशत समय ही काम हो पाया।
श्री तावड़े ने कहा कि सांसद बनने के बाद यह उनका पहला सेशन था। वह महाराष्ट्र की विधानसभा और विधान परिषद में भी काफी समय तक रहे हैं और वहां सदन की कार्यवाही में एक अनुशासन देखने को मिलता था।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि विपक्ष के अड़ंगे की वजह से संसद का 61 प्रतिशत समय बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान जनता के टैक्स का पैसा खर्च हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इस बर्बादी की जिम्मेदारी क्या राहुल गांधी ने ली है।
श्री तावड़े ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष लगातार कहता था कि गृह मंत्री सदन में आएं और अपनी बात रखें। जब गृह मंत्री सदन में आने के लिए तैयार हुए तो विपक्ष ही सदन से भाग गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार सदन के बाहर नौटंकी करने से देश की जनता को कोई संदेश नहीं जाता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सदन के अंदर आकर अपनी बात रखने के साथ चर्चा में भाग लेना चाहिए।
बिहार भाजपा के प्रभारी ने कहा कि संसद की कार्यवाही हमेशा बहुत महत्वपूर्ण होती है। लेकिन दुर्भाग्य से विपक्ष ने संसद को चलने ही नहीं दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि देश की जनता संसद की ओर उम्मीद और विश्वास के साथ देखती है।
श्री तावड़े ने कहा कि विपक्ष से अपेक्षा की जाती है कि वह सदन में जनहित के मुद्दे उठाए, सरकार से सवाल करे और लोकतांत्रिक तरीके से चर्चा करे, लेकिन सदन की कार्यवाही को बाधित करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित