नयी दिल्ली , अक्टूबर 31 -- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को हरियाणा के रोहतक में विपक्ष के झूठ और अराजकता के खिलाफ भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्रा करेंगे।
पार्टी की एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री नवीन की यह पदयात्रा कल सुबह 11 बजे रोहतक के छोटू राम पॉलिटेक्निक मैदान से प्रारंभ होकर मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क तक पहुंचेगी जहां वह महात्मा गाँधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया है, " यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि हताश विपक्ष द्वारा खड़े किए जा रहे झूठ, षड्यंत्र और अराजकता के खिलाफ आंदोलन है।" इस पदयात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, पार्टी कार्यकर्ता और आम नागरिक भाग लेंगे।
भाजपा ने कहा है कि उसके कार्यकर्ता गांव-गांव , गली-गली जा कर आम लोगों को विपक्ष के झूठ और अराजकता के प्रति सतर्क कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित