अलवर , अक्टूबर 09 -- राजस्थान में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) नेता दीपक बालियान को अलवर जिले के मानखेड़ा गांव में उसी के घर में नजरबंद किए जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।

राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है। एक साक्षात्कार के दौरान दीपक बालियान को नजरबंद किए जाने और विपक्ष की आवाज दबाने के आरोपों से जुड़े सवाल पर श्री जूली ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और विरोध जताने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है।

श्री जूली ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने या पूछताछ करने में पुलिस की क्या भूमिका होनी चाहिए, इस पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के संज्ञान में भी लाना चाहते हैं। सरकार के खिलाफ बोलने वालों की आवाज दबाने के लिए कार्रवाई की जाती है तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर सवाल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित