जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष के ईंधन और गैस की उपलब्धता को लेकर दिये जा रहे बयानों पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह अनावश्यक भय और अफरा-तफरी फैलाने का प्रयास कर रहा है, जिससे जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है।

श्री राठौड़ ने बुधवार को अपने बयान में विपक्ष पर यह आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने कहीं भी ईंधन और गैस की कमी की बात नहीं कही है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण चुनौतियां आ सकती हैं, लेकिन सरकार सभी आवश्यक वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि भारत एक परिवार की तरह है और इस प्रकार की भ्रामक सूचनाएं फैलाना राष्ट्रहित में नहीं है। सभी राजनीतिक दलों को सहयोग की भावना से कार्य करना चाहिए ताकि देश के नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने विपक्ष की भूमिका पर कहा कि संसद में बहस और चर्चा के लिए निर्धारित प्रक्रियाएँ हैं। यदि विपक्ष वास्तव में बहस करना चाहता है तो उसे संसदीय परंपराओं का पालन करना चाहिए। केवल हंगामा और बयानबाजी करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मुद्दा देशहित और सामाजिक समानता से जुड़ा हुआ विषय है।

उन्होंने कहा , " हमारे संविधान में भी समान नागरिक संहिता का उल्लेख किया गया है तथा समय-समय पर उच्चत्तम न्यायालय ने भी विभिन्न मामलों में इसकी आवश्यकता पर बल दिया है। देश में सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलें, विशेषकर महिलाओं को न्याय और सम्मान मिले, इसी उद्देश्य से यूसीसी लागू किया जाना आवश्यक है।"उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों द्वारा यूसीसी लागू करने की दिशा में पहल की जा रही है और यह स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धीरे-धीरे पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू होगी, जिससे "एक देश, एक कानून" की भावना मजबूत होगी और समाज में भेदभाव समाप्त होगा। सरकार की नीयत पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जो भी संकल्प लिया है, उसे पूरा किया है। तीन तलाक समाप्त करना, अनुच्छेद 370 हटाना तथा महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाना इसका प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण भी निश्चित रूप से लागू होगा। भाजपा सदैव विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर प्रतिबद्ध रही है और आगे भी इसी दिशा में कार्य करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित