नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- कांग्रेस ने संसद का बजट सत्र शुरु होने से पहले मंगलवार को यहां हुई सर्वदलीय बैठक में सरकार पर विधायी एजेंडा देने में 'विफल' रहने का आरोप लगाते हुए उसकी आलोचना की है।
लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य ह्विप के. सुरेश ने बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा कि सर्वदलीय बैठक में विभिन्न नेताओं ने सरकार पर विधेयकों की रूपरेखा में विधायी एजेंडे नहीं देने के आरोप लगाए जिसमें सरकार की तरफ से बैठक में शामिल मंत्रियों ने कहा है कि एजेंडा बाद में प्रसारित किया जाएगा।
श्री सुरेश ने कहा कि सरकार किसी विधेयक को लाने से पहलने विधेयक की प्रतियां भी समय पर उपलब्ध नहीं कराती है।
गौरतलब है कि सरकार ने बजट सत्र के कल से शुरु हो रहे सत्र से पहले दोनों सदनों में कामकाज का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के मकसद से मंगलवार को यहां सर्वदलीय बैठक बुलाई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने की। बजट दो चरणों में होगा जिसके पहले चरण में एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में बजट पेश करेंगी। इस साल का बजट रविवार को पेश हो रहा है और बताया जा रहा है कि पहले ऐसा कभी नहीं हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित