पटना , मई 16 -- भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल ने शनिवार को बिहार सरकार के शिक्षा एवं खेल विभाग के सचिव पद का कार्यभार ग्रहण किया।

श्री गुंजियाल से पहले यह दायित्व वरिष्ठ अधिकारी डॉ. बी. राजेंदर के पास था।

श्री गुंजियाल बिहार संवर्ग के वर्ष 2007 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी हैं तथा प्रशासनिक सेवा में उन्हें विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और जिलों में कार्य करने का व्यापक अनुभव प्राप्त है। इससे पूर्व वह राज्य निर्वाचन व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।

खेल और शिक्षा विभाग के नये सचिव अभियंत्रण पृष्ठभूमि से आते हैं तथा पशुपालन, उत्पाद एवं निबंधन, जल संसाधन सहित अनेक विभागों में महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। सिवान के जिलाधिकारी के रूप में उनका कार्यकाल भी उल्लेखनीय माना जाता है।

श्री गुंजियाल के प्रशासनिक अनुभव एवं कार्यकुशलता से शिक्षा एवं खेल विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित