चंडीगढ़ , मई 12 -- पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपिंदर सिंह हूडा ने पहलवान विनेश फोगाट के मामले में केंद्रीय खेल मंत्री से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने कहा कि देश का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए।

श्री हुड्डा ने कहा कि एक ओलंपियन खिलाड़ी द्वारा लगाये गये आरोप बेहद गंभीर हैं। विनेश फोगाट ने कई मौकों पर देश का मान बढ़ाया है, इसलिए केंद्र सरकार और खेल संस्थाओं की जिम्मेदारी बनती है कि उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा की जाये।

उन्होंने कहा कि यदि विनेश मेरिट के आधार पर एशियन गेम्स या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहती हैं, तो उन्हें पूरा अवसर मिलना चाहिए। श्री हुड्डा के अनुसार गोंडा में उन्हें न केवल प्रतियोगिता में भाग लेने से रोका गया, बल्कि ट्रेनिंग हॉल के उपयोग की अनुमति भी नहीं दी गयी।

विपक्ष के नेता ने भारतीय कुश्ती महासंघ एवं रेस्टलिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि संघ पहले भी विवादों में रहा है। इसलिए, केंद्रीय खेल मंत्री को पूरे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष हस्तक्षेप करना चाहिए, ताकि किसी खिलाड़ी का हक न मारा जाये।

श्री हुड्डा ने कहा कि देश में बहुत कम खिलाड़ी ओलंपिक स्तर तक पहुंच पाते हैं और पदक जीतने की क्षमता रखते हैं। विनेश उन्हीं खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पेरिस ओलंपिक में भी विनेश स्वर्ण पदक के करीब पहुंच गयी थीं, लेकिन अंतिम क्षणों में दुर्भाग्यवश पदक से चूक गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित