पटना , मई 29 -- केन्द्र सरकार ने बिहार तथा झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार और अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया के बिहार-झारखंड के स्टेट कोऑर्डिनेटर विनय कुमार को उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत भारतीय खाद्य निगम, झारखंड की कंसलटेटिव कमिटी का सदस्य मनोनीत किया है। इस समिति के अध्यक्ष गोड्डा के सांसद निशिकांत दूबे हैं। मंत्रालय के अवर सचिव अजय कुमार सिंह की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार विनय कुमार को भारतीय खाद्य निगम, झारखंड की कंसलटेटिव कमिटी का सदस्य अगले दो वर्षों के लिए मनोनीत किया गया है ।

गौरतलब है कि करीब चार दशक से बिहार और झारखंड में कई दैनिक समाचार पत्रों के अलावा राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनाइटेड न्यूज़ ऑफ़ इंडिया, हिंदुस्थान समाचार के ब्यूरो प्रमुख एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्य कर चुके हैं। श्री कुमार ने इसके पूर्व भी केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, ग्रामीण विकास , इस्पात मंत्रालय समेत कई मंत्रालयों की विभिन्न समितियों के सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

श्री कुमार ने सूरीनाम में आयोजित सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन को भी एक पत्रकार के रूप में कवर किया था।

श्री कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय उपभोक्ता मामले , खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

गौरतलब है कि विनय कुमार जमुई जिले के खैरा प्रखंड के खैरा गांव के रहने वाले हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित