नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- भारत का 23वां विधि आयोग गुरुवार को यहाँ 'सहकारी संघवाद और कानून संबंधी सुधार: राष्ट्रीय और राज्यों के परिप्रेक्ष्य' विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करेगा।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल की उपस्थिति में सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

विधि एवं न्याय मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि सम्मेलन में देशभर के राज्य विधि आयोगों और समकक्ष निकायों के प्रतिनिधि, प्रख्यात न्यायविद, पूर्व न्यायाधीश, विधि विशेषज्ञ, नीति निर्माता तथा बार और अकादमिक जगत से जुड़े सदस्य भाग लेंगे। इस अवसर पर 23वें विधि आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) दिनेश माहेश्वरी, सदस्य प्रो. डीपी वर्मा और सदस्य सचिव डॉ. अंजू राठी राणा भी उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य कानून संबंधी सुधारों, सहकारी संघवाद, संवैधानिक शासन और न्याय के प्रभावी प्रशासन से जुड़े समकालीन मुद्दों पर चर्चा करना है। इसके माध्यम से केंद्र और राज्यों के बीच कानूनी सुधारों को लेकर समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। साथ ही, राज्यों की स्वायत्तता का सम्मान करते हुए राष्ट्रीय और क्षेत्रीय जरूरतों के अनुरूप कानूनों में सुधार के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित