रुद्रप्रयाग , मई 13 -- उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के मार्गदर्शन पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग की सचिव पायल सिंह ने जिला कारागार का निरीक्षण किया।

उन्होंने यहां बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया तथा बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।

श्रीमती सिंह ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक अधिकारों तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित निस्तारण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ समय पर उपलब्ध कराई जाएँ तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।

विधिक प्राधिकरण सचिव ने निर्देशित किया कि बंदियों को समय-समय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उनके अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी जाती रहे। उन्होंने इसके साथ ही महिला बंदियों की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की समान पहुँच सुनिश्चित करना है तथा कारागार में निरुद्ध व्यक्तियों को भी विधिक सहायता एवं न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित