धार , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों के सामने उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर कांग्रेस विधायक भंवरसिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। उन्होंने बदनावर सहित धार तहसील को सूखाग्रस्त घोषित कर प्रभावित किसानों को राहत राशि एवं फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग की है।

मीडिया समन्वयक महेश पाटीदार ने बताया कि चालू खरीफ सीजन में बदनावर एवं धार तहसील के कई क्षेत्रों में अपेक्षित बारिश नहीं होने से सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। वर्षा के अभाव में कृषि कार्य प्रभावित होने के साथ खेतों में खड़ी फसलों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। कई गांवों में किसान फसल बचाने के लिए अतिरिक्त खर्च कर रहे हैं, इसके बावजूद उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

विधायक शेखावत ने मुख्यमंत्री से प्रभावित ग्रामों में वर्षा और फसलों की स्थिति का तत्काल सर्वे कराने तथा सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित करने की कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने किसानों को नियमानुसार सूखा राहत एवं फसल क्षति का मुआवजा देने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पात्र किसानों को बीमा राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देने की भी मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित