भोपाल , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक को मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद भोपाल से विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया है।
श्री शर्मा ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के विजन को मध्यप्रदेश ने आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यूसीसी विधेयक को मंत्रिपरिषद से मंजूरी देना एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू होने से सभी नागरिकों के लिए समान वैवाहिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा तथा एक से अधिक विवाह पर रोक के प्रावधान को लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
श्री शर्मा ने दावा किया कि यूसीसी से जनसंख्या संतुलन बनाए रखने, संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने अपने बयान में कहा कि "पांच बीवी, 25 बच्चे की व्यवस्था अब खत्म होगी।" श्री शर्मा ने इस निर्णय को मध्यप्रदेश और देशहित में ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार को बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित