भीलवाड़ा , अप्रैल 11 -- राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र के पंडेर ग्राम में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर उस समय एक नया विवाद खड़ा हो गया है, जब कार्यक्रम में तय प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए क्षेत्रीय विधायक के आगमन से पहले ही प्रतिमा का अनावरण कर दिया गया।

दरअसल महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक के हाथों प्रतिमा का अनावरण होना था लेकिन इससे पहले ही समाज के वरिष्ठ जनों ने मूर्ति का अनावरण कर दिया, जिसके बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं गरमा गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के तहत क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीना द्वारा शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा का अनावरण किया जाना प्रस्तावित था। समाज के लोगों और ग्रामीणों ने इसके लिए व्यापक तैयारियां भी पूरी कर ली थीं। लेकिन निर्धारित समय से करीब पौने तीन घंटे पहले, सवा आठ बजे ही समाज के पंच-पटेलों ने अचानक एकत्रित होकर मूर्ति का अनावरण कर दिया।

समाज के सदस्य दिनेश माली ने पुष्टि की कि आज सुबह 8:15 बजे ही पंच-पटेलों ने मिलकर इस रस्म को पूरा कर लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम ने सभी को चौंका दिया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक विधायक या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन समय से पहले हुए इस अनावरण को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अनावरण के पश्चात गांव में भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित