श्रीगंगानगर , मई 02 -- राजस्थान कांग्रेस की कार्य समिति के सदस्य और श्रीगंगानगर में विधानसभा चुनाव प्रत्याशी अंकुर मगलानी ने मारपीट की एक घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक जयदीप बिहाणी और उनके साथियों की ओर से मारपीट की घटना को लेकर आरोप लगाया है कि श्री बिहाणी की मानसिक स्थिति बेहतर प्रतीत नहीं होती।

श्री मगलानी ने यहां एक बयान में आरोप लगाया कि भाजपा के स्थानीय विधायक श्री बिहाणी और उनके गुर्गोंने राजस्थान शहरी अवसंरचना विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के सहायक अभियंता जगन्नाथ बैरवा, परियोजना प्रबंधक शाहनवाज हसन और एलएंडटी के योजना प्रबंधक सोहम परमार से कथित मारपीट करने की घटना को लेकर कहा है कि इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि विधायक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।

श्री मगलानी ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि विधायक बिहाणी ने स्वामी दयानंद मार्ग पर अपने निवासके निकट स्थित एक दुकान में बनाये यात्रा केंद्र को एसडी कॉलेज परिसर में स्थानांतरित कर दिया है और इसे 'विधायक सेवा केंद्र' का नाम दे रखा है। अपने घर के समीप वाले यातना केंद्र में शहर के एक प्रतिष्ठित डॉ. श्यामसुंदर को अगवा करके लाने और मारपीट करके उसकी भी आंख फोड़ देने की घटना को शहरवासीअब तक भूल नहीं है।

उन्होेंने कहा कि इस मामले में विधायक श्री बिहाणी के कुछ गुर्गे पुलिस की जांच में दोषी भी पाये जा चुके हैं। उनके खिलाफ सरकार द्वारा कोई कार्रवाई न करने का नतीजा है कि अब विधायक और उनके गुर्गे बेलगाम होकर तथाकथित सेवा केंद्र में बुलाकर अधिकारियों से मारपीट करने लगे हैं। अगर सरकार ने डॉ. श्यामसुंदर अरोड़ा मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती तो इस तरह से अधिकारियों को पीटने की किसी में हिम्मत नहीं होती।

श्री मगलानी ने सेवा केंद्र में हुई घटना के लिए विधायक के तानाशाह पूर्ण व्यवहार के साथ-साथ राज्य सरकार को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने चेताया कि सभी विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिकों को तथाकथित सेवा केंद्र में बुलाये जाने पर या विधायक बिहाणी को अपने किसी भी कार्यक्रम में आमंत्रित करने से पहले अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते सौ बार सोच लेना चाहिए। उनके साथ कुछ भी हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित