शिवपुरी , मई 31 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम लोधी का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने क्षेत्र के पूर्व दस्यु सरगना रहे रामबाबू गडरिया को अपना मित्र और भाई बताया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज अहिल्याबाई जयंती के अवसर पर पाल समाज के एक कार्यक्रम में संबोधित करते हुए विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि रामबाबू गडरिया परिस्थितियों के कारण डाकू बना था। उन्होंने कहा कि वह उनका मित्र और भाई था तथा दोनों सुख-दुख के साथी रहे हैं। विधायक ने यह भी कहा कि उसे सामंती शक्तियों द्वारा डाकू बनने के लिए विवश किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने रामबाबू गडरिया के चित्र पर माल्यार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि अतीत में जब रामबाबू गडरिया पर अत्याचार किए जा रहे थे, तब उन्होंने ग्वालियर में प्रदर्शन भी किया था।

उल्लेखनीय है कि रामबाबू गडरिया पूर्व में शिवपुरी और ग्वालियर अंचल में सक्रिय दस्यु सरगना रहा है। उस पर लाखों रुपये का इनाम घोषित था तथा अनेक मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। विधायक का यह बयान और कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है। हालांकि इस संबंध में अभी तक भारतीय जनता पार्टी अथवा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित