महोबा , अक्टूबर 22 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले मे किसानों को निशुल्क वितरण के लिए आए चना के बीज की कालाबाजारी पर बड़ा प्रहार करते हुए चरखारी विधायक डॉ. बृजभूषण राजपूत ने बुधवार रात राजकीय बीज भंडार से एक पिकप वाहन मे लाद कर ले जायी जा रही करीब 100 बोरियां को मोके पर पकड़ा है। विधायक व उनके समर्थको ने गोदाम प्रभारी व पिकप वाहन चालक क़ी सड़क पर बारात निकाल उन्हें पुलिस को सौपा है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया है। राजपूत ने बताया कि चरखारी मे कृषि विभाग के बीज गोदाम पर पिकअप वाहन में चने के बीज की बोरियां रात मे लादकर संदिग्ध तरीके से ले जाये जाने क़ी शिकायत मिलने पर वह इसकी पड़ताल के लिए मौके पर पहुंचे थे.जहाँ उन्होंने गोदाम बंद होने के बावजूद बीज की बोरियां वाहन में लादकर ले जाते हुए देखा।

मौके पर गोदाम प्रभारी से बीज ले जाने की अनुमति और संबंधित अधिकारियों के आदेश के बारे में सवाल किए तो उसके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया जिससे विवाद बढ़ गया. तब मामले क़ी सूचना उच्च अधिकारियो को दी गयी. जिस पर उप कृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पिकअप वाहन और उसमें लदी चने के बीज की बोरियों को कब्जे में लिया।पुलिस उप अधीक्षक दीपक दुबे ने बताया कि मामले मे कृषि विभाग की तहरीर पर बीज गोदाम प्रभारी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। जब्त किये गए बीज की कीमत चार से पांच लाख रुपये तक बताई जा रही है। मामले में इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा क़ी सरकारी बीज की बोरियां किस उद्देश्य से कहा ले जाई जा रही थीं. क्या इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति थी। कथित कालाबाजारी में किन लोगों की भूमिका रही. फिलहाल कृषि विभाग और पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित