बैतूल , सितंबर 24 -- गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही जन जल सेवा संकल्प यात्रा का बैतूल विधानसभा क्षेत्र के महुपानी गांव में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने स्वागत किया।
श्री खंडेलवाल ने यात्रा के क्रमांक-6 के महुपानी पहुंचने पर यात्रियों का स्वागत करते हुए उन्हें बैतूल की प्राकृतिक, जनजातीय और औद्योगिक विशेषताओं से अवगत कराया। यह यात्रा सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली जा रही है और इसके दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिदिन डेढ़ से दो सौ किलोमीटर मोटरसाइकिल से यात्रा करना और इसके बाद विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर सेवा कार्य करना साहस और समर्पण का परिचायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से निकली यह यात्रा अलग-अलग क्षेत्रों, संस्कृतियों और लोगों से जुड़ने का अवसर प्रदान कर रही है। महुपानी में स्थित भारती एग्रो फूड पार्क खंडेलवाल परिवार से संबंधित है। यात्रियों का स्वागत इसी परिसर में किया गया।
श्री खंडेलवाल ने उन्हें फूड पार्क में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यहां कृषि उपज और दुग्ध उत्पादन को प्रसंस्करण उद्योग से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने मैदा, तैयार खाद्य पदार्थ, जमी हुई सब्जियों, डेयरी और जैव ईंधन से संबंधित इकाइयों का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि देश में गेहूं, चावल और मक्का जैसी फसलों के उत्पादन के साथ ऐसी कृषि एवं दुग्ध उपज को भी प्रसंस्करण से जोड़ना जरूरी है, जो जल्दी खराब हो जाती हैं। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने और प्रसंस्कृत उत्पादों को दूसरे बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।
श्री खंडेलवाल ने बैतूल की प्राकृतिक संपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले का बड़ा हिस्सा वन क्षेत्र से घिरा हुआ है और यहां जनजातीय आबादी की भी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है। सतपुड़ा क्षेत्र में विभिन्न वन्यजीव और पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। उन्होंने यात्रियों को कुकुरू क्षेत्र सहित जिले के पहाड़ी और वन क्षेत्रों की विशेषताओं की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित