भोपाल , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश के कालापीपल से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक घनश्याम चंद्रवंशी द्वारा विधानसभा क्षेत्र की सड़कें बनने तक जूते-चप्पल नहीं पहनने की घोषणा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अच्छे कार्य के लिए जूते-चप्पल छोड़ने की आवश्यकता नहीं है।

एक सार्वजनिक कार्यक्रम में विधायक श्री चंद्रवंशी ने अपनी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की खराब स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक क्षेत्र की सड़कें नहीं बनेंगी, तब तक वह जूते-चप्पल का त्याग करेंगे, चाहे इसमें दस वर्ष ही क्यों न लग जाएं।

विधायक के वक्तव्य के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में पांच लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ है और सरकार विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जूते-चप्पल छोड़ने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि अच्छे और सच्चे कार्य के लिए संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विधायक को शब्दों के चयन में भी सावधानी बरतने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जूते-चप्पल त्यागना उनकी सरकार की कार्यशैली नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास कार्य उनकी सरकार की प्राथमिकता है और राज्य में सड़क सहित आधारभूत संरचना के विस्तार पर लगातार कार्य किया जा रहा है। इस दौरान कार्यक्रम में विधायक की घोषणा और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बनी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित