सुलतानपुर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में माफिया मुख्तार अंसारी के भतीजे और गाजीपुर के मोहम्मदाबाद विधायक शोएब अंसारी उर्फ मन्नू के गनर राकेश कुमार की हत्या के चर्चित मामले में आरोपी संदीप कुमार पर आरोप तय कर दिए गए हैं। मंगलवार को पुलिस ने मध्य प्रदेश की छिंदवाड़ा जेल में बंद आरोपी संदीप कुमार को कोर्ट में पेश किया।

मामले में बचाव पक्ष के अधिवक्ता रवि शुक्ल ने आज यहां बताया कि एडीजे पंचम राकेश ने आरोपी संदीप कुमार के खिलाफ आरोप तय किए। मामले में अभियोजन साक्ष्य के लिए तीन सितंबर की तारीख तय की गई है। पिछली पेशी पर एडीजे पंचम राकेश ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के एसपी को आरोपी को कोर्ट में पेश करने का कड़ा पत्र भेजा था।

ज्ञात हो कि बीते 25 अक्टूबर 2022 को गनर राकेश कुमार वाराणसी से श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से लखनऊ जा रहे थे। ट्रेन में सफर कर रहे आरोपी संदीप कुमार ने राकेश कुमार को चाकू मारकर घायल कर दिया था। आरोपी सरकारी कार्बाइन, मैगजीन और मोबाइल लूटकर फरार हो गया था। इलाज के दौरान घायल गनर राकेश कुमार की मौत हो गई थी। वह प्रयागराज जिले के हंडिया थाने के नाहरपुर गांव के निवासी थे। जीआरपी के हेड कांस्टेबल आत्मा यादव ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। बाद में छिंदवाड़ा में कार्बाइन के साथ आरोपी संदीप कुमार की गिरफ्तारी हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे हत्या में भी आरोपी बनाया। आरोपी संदीप कुमार मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चारगांव प्रह्लाद कुंडीपारा का निवासी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित