पटना , फरवरी 24 -- विधान पार्षद सैयद फैसल अली के प्रश्न के उत्तर में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मंगलवार को बिहार विधान परिषद में बताया कि राज्य के विधायक और विधान पार्षदों को जल्द ही कैशलेस मेडिकल सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्री पांडेय ने बताया कि इस सुविधा को लागू करने के लिये स्वास्थ्य विभाग और वित्त विभाग के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की जायेगी। बैठक के बाद कैशलेस मेडिकल सुविधा प्रदान करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जायेगा।

उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना एक जटिल प्रक्रिया है। इसमें इंश्योरेंस व्यवस्था, अस्पतालों के साथ समन्वय, वित्तीय प्रावधान सहित कई तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं पर काम करना होगा। सभी आवश्यक प्रक्रियायें पूरी होने के बाद ही इस योजना को लागू किया जायेगा।

मंत्री श्री पांडेय ने भरोसा दिलाया कि सरकार जनप्रतिनिधियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिये गंभीर है और आवश्यक तैयारियां पूरी होते ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा शुरू कर दी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित