पटना , अक्टूबर 28 -- बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव परिणाम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने चार सीटों पर जीत दर्ज की है और इस लड़ाई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के गठबंधन को चार सीटें मिली हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज पार्टी ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की है तथा दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा ने दो और जदयू ने एक सीट जीती, जबकि तिरहुत स्नातक सीट निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर बृजवासी के खाते में गई। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में भाजपा, राजद, जन सुराज और निर्दलीय प्रत्याशियों ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की।
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार विजयी रहे, जबकि दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. सर्वेश कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 237 मतों से पराजित किया। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी ने जदयू के अभिषेक झा को हराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित