पटना , अक्टूबर 14 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं कृषि उद्योगों के विकास से संबंधित मामलों में विभागीय समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति, कृषि उद्योग विकास समिति सहित अन्य समितियों के कार्यों की समीक्षा के लिए संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में समितियों के कार्यों, संबंधित विभागों से प्राप्त प्रतिवेदनों और लंबित मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिये कि समितियों से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए।
डॉ. कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और कृषि उद्योगों का विकास जनहित से सीधे जुड़े महत्वपूर्ण विषय हैं। इन क्षेत्रों में समितियों की अनुशंसाओं एवं निर्देशों के अनुपालन की नियमित समीक्षा आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित