चंडीगढ़ , अक्टूबर 27 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने विधानसभा के पांच दिवसीय सत्र के अंतिम दिन मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पर जनहित के मुद्दों को छोड़कर आपसी आरोप-प्रत्यारोप में उलझने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि दोनों दलों के व्यवहार से विधानसभा की गरिमा और मर्यादा प्रभावित हुई।

श्री ढिल्लों ने कहा कि विधानसभा के प्रत्येक सत्र पर पंजाब के करदाताओं के करोड़ों रुपये खर्च होते हैं। ऐसे में सदन में जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए थी, लेकिन अंतिम दिन भी आप और कांग्रेस एक-दूसरे पर आरोप लगाने में व्यस्त रहे। उन्होंने कहा कि पंजाब इस समय नशे की समस्या, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, गैंगस्टर गतिविधियों, बढ़ते कर्ज और खराब होती वित्तीय स्थिति जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसके बावजूद पांच दिवसीय सत्र के दौरान इन मुद्दों पर कोई सार्थक चर्चा नहीं हुई।

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आप सरकार इन अहम विषयों पर चर्चा से बच रही है, क्योंकि उसके पास जनता के सवालों का जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग सरकार को जवाबदेही से बचने नहीं देंगे।

श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के हितों के साथ किए गए हर कथित विश्वासघात के लिए सरकार को जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य के लोगों की आवाज बनकर इन मुद्दों को हर मंच पर उठाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित