लखनऊ , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग जन्मजात महिला विरोधी हैं, वही आज हंगामा कर रहे हैं।

विधानसभा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी का शासनकाल प्रदेश की जनता भली-भांति याद रखती है। उस दौर में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "देख सपाई बिटिया घबराई", जो उनके पुराने कार्यकाल की वास्तविकता को दर्शाता है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर सपा के पास समर्थन करने का एक सुनहरा अवसर था, लेकिन उन्होंने उसका विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस दोनों ही महिला विरोधी मानसिकता से ग्रसित हैं और नारी के अधिकारों पर डाका डालने का काम करती रही हैं।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें नैतिक साहस है तो वे सदन में चर्चा में भाग लें और बताएं कि उन्होंने "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" का विरोध क्यों किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित