पटना, फरवरी 24 -- बिहार विधानसभा मे मंगलवार कोसत्ता पक्ष और राजद के बीच तीखी नोकझोंक के बीच सरकार ने चौकीदारों तथा दफादारों के प्रतिनिधियों से बातचीत करने के बाद उनकी समस्याओं के निदान पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने की घोषणा की।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक कुमार सर्वजीत ने राजधानी पटना में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करने वाले चौकीदारों तथा दफ़ादारों पर पुलिस लाठीचार्ज तथा अत्याचार का मामला उठाते हुए कहा कि सरकार जन विरोध के प्रजातांत्रिक अधिकार का हनन कर रही है।

कुमार सर्वजीत के समर्थन में राजद विधायक भाई बीरेंद्र और अन्य विधायकों ने अपने अपने स्थान से शोरगुल मचाना शुरू किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इसपर जवाब देने की मांग की तथा "लाठी गोली की सरकार नहीं चलेगी" का नारा लगाते हुए सदन की कार्यवाही अवरुद्ध करने की कोशिश की। इस पर संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि विपक्ष यदि सरकार को चलने नही देगा तो चौकीदारों और दफ़ादारों की समस्या का समाधान कैसे निकलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित